अमृतसर में 6 पिस्तौल, 4.4 किलो हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और एक ड्रोन बरामद, 10 गिरफ्तार
अमृतसर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले पांच मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीमों ने इनके कब्जे से छह पिस्तौल, 4.409 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 12.90 लाख रुपये की ड्रग मनी और एक ड्रोन बरामद किया है। इस संबंध में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजबीर सिंह (23), गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन (31) और सौरव सिंह उर्फ बहादर (23), तीनों निवासी अमृतसर, विशाल सिंह उर्फ टिबरू (22) और रशपाल सिंह उर्फ बब्बा (44), दोनों निवासी गांव नूरपुर, लोपोके, वीरपाल सिंह उर्फ बिल्ला (19), निवासी गांव माड़ी मेघा, तरनतारन; जगविंदर सिंह उर्फ काला (19), निवासी गांव अमी शाह, तरनतारन; सुखचैन सिंह उर्फ सुख (20), निवासी गांव ख्याला; जसकरण सिंह उर्फ जस्सी (22), निवासी गांव कोलोवाल तथा युवराज सिंह उर्फ जग्गू (20), निवासी गांव गोसनाबाद, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है।
इनके पास से बरामद किए गए छह पिस्तौलों में एक ग्लॉक 9 एमएम और पांच .30 बोर के पिस्तौल हैं। इसके अलावा 12 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस टीमों ने अपराधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि आपसी समन्वय से चलाए गए इन अभियानों को डीसीपी इन्वेस्टिगेशन प्रभजोत सिंह विर्क, एडीसीपी डिटेक्टिव जयंत पुरी, एडीसीपी सिटी-3 मनमोहन सिंह औलख, एसीपी ईस्ट रविंदर सिंह और एसीपी डिटेक्टिव कपिल कौशल की निगरानी में अंजाम दिया गया। पहले अभियान के दौरान थाना मकबूलपुरा की पुलिस टीमों ने राजबीर सिंह, गगनप्रीत सिंह उर्फ गगन और सौरव सिंह उर्फ बहादर को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 169 ग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 10.90 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
दूसरे अभियान के दौरान थाना छेहरटा की पुलिस टीमों ने विशाल सिंह उर्फ टिबरू और रशपाल सिंह उर्फ बब्बा को एक कार सहित रोका और उनके कब्जे से 4.130 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की। तीसरे अभियान के दौरान छावनी थाने की पुलिस टीमों ने तरनतारन के दो युवकों वीरपाल सिंह उर्फ बिल्ला और जगविंदर सिंह उर्फ काला—को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक .30 बोर का पिस्तौल बरामद किया।
चौथे अभियान के दौरान थाना छेहरटा की पुलिस टीमों ने सुखचैन सिंह उर्फ सुख और जसकरण सिंह उर्फ जस्सी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 110 ग्राम हेरोइन, एक .30 बोर का पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो लाख रुपये की ड्रग मनी, एक कार और तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक ड्रोन बरामद किया गया।
पांचवें अभियान के संबंध में पुलिस आयुक्त ने बताया कि थाना छेहरटा की टीमों ने युवराज सिंह उर्फ जग्गू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार पिस्तौल बरामद किए गए, जिनमें तीन .30 बोर के पिस्तौल और एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा 10 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
---------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

