सुखबीर बादल पर हमले के बाद अमित शाह ने हरसिमरत कौर से की बात, निष्पक्ष जांच का भरोसा
चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के एक गुरुद्वारा परिसर में शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनकी पत्नी और शिअद की लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बात की। बादल की सेहत का हालचाल जानने पर हरसिमरत कौर ने उनका धन्यवाद किया है।
हरसिमरत कौर बादल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि अमित शाह ने उनसे फोन पर सुखबीर सिंह बादल के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने गृह मंत्री की व्यक्तिगत चिंता और मुश्किल समय में दिए गए भरोसे के लिए आभार जताया। हरसिमरत ने बताया कि अमित शाह ने उन्हें इस घटना की निष्पक्ष और प्रभावी जांच का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि गुरुघर के अंदर हुआ यह हमला बेहद पीड़ादायक है और सिख धर्म के मूल सिद्धांतों का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी।
महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा परिसर में सुखबीर सिंह बादल पर तलवार से हमला किया गया था। घटना के बाद आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया गया था। हमले में सुखबीर बादल घायल हुए थे।
अमित शाह और हरसिमरत कौर बादल के बीच यह बातचीत राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सितंबर, 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने का फैसला किया था। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच लंबे समय तक राजनीतिक दूरी बनी रही।
----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

