सुखबीर बादल पर नांदेड़ में हमले के विरोध में अकाली दल ने पठानकोट मार्ग किया जाम
चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के तख्त श्री हजूर साहिब (नांदेड़) में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल पर हुए कातिलाना हमले के विरोध में शुक्रवार को पूरे जिले के अकाली नेता और वर्कर सडक़ों पर उतर आए। पूर्व मंत्री व अकाली दल के जिलाध्यक्ष सरदार सुच्चा सिंह लंगाह की अगुवाई में सैकड़ों वर्करों ने गुरदासपुर में अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
चक्का जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अकाली दल ने करीब एक घंटे तक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन कर सरकार और सुरक्षा एजेंसियों को कड़ी चेतावनी दी। पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह ने बेहद तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि पवित्र धार्मिक स्थल पर बानाधारी सिख से यह हमला करवाना सिख जगत को निराश करने और अकाली दल को बदनाम करने की सोची-समझी रणनीति है।
लंगाह ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी कौम, देश और दुनिया जानती है कि इससे पहले जब अमृतसर साहिब (दरबार साहिब) में सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ था, तो गोली चलाने वाला नारायण सिंह चौड़ा एजेंसियों का आदमी था। अब नांदेड़ साहिब की धरती पर भी ठीक वैसा ही हमला हुआ है। इससे साफ कडिय़ां जुड़ रही हैं कि देश की खुफिया एजेंसियां और राष्ट्रविरोधी ताकतें गुरु घर का इस्तेमाल करके सुखबीर सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल को निशाना बना रही हैं। कौम को 'लीडरलेस' (नेतृत्वहीन) करने के लिए यह सब किया जा रहा है।
लंगाह ने कहा कि यह श्री गुरु हरगोविंद साहिब और श्री गुरु गोविंद सिंह जी की अपार कृपा है कि दोनों बार सुखबीर सिंह बादल की जान बाल-बाल बच गई। अकाली दल ने इस पूरे मामले और इसके पीछे छिपे आकाओं को नंगा करने के लिए सीबीआई (ष्टक्चढ्ढ) जांच की पुरजोर मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

