दो पक्षों के विवाद के दौरान कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा को लगी गोली, हालत गंभीर
अमृतसर, 05 सितंबर (हि.स.)। अजनाला क्षेत्र में देर रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान बीचबचाव करने पहुंचे कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सिरसा गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सिविल अस्पताल अजनाला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना अजनाला के नजदीक गांव जगदेव खुर्द के आसपास हुई। बताया जा रहा है कि देर रात किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। इसी दौरान गुरदीप सिंह सिरसा मामले को शांत करवाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष की ओर से गोली चला दी गई, जो उन्हें लगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना अजनाला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद में शामिल दोनों पक्षों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
थाना अजनाला के एसएचओ अजयपाल सिंह के अनुसार, घायल गुरदीप सिंह सिरसा का फिलहाल इलाज चल रहा है। उनकी हालत में सुधार होने के बाद पुलिस उनके बयान दर्ज करेगी। बयान और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

