दरबार साहिब की एआई तस्वीर बनाकर बेअदबी, क्रिकेटर्स को नंगे सिर दिखाया
चंडीगढ़, 21 मार्च (हि.स.)। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) द्वारा बार-बार चेताए जाने के बावजूद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से अमृतसर स्थित दरबार साहिब का वीडियो-फोटो बनाकर बेअदबी का नया मामला सामने आया है।
एक क्रिकेट फैन पेज ने दरबार साहिब में क्रिकेटर्स और बॉलीवुड कलाकारों की एआई फोटो फेसबुक पर शेयर की है। पहली फोटो में क्रिकेटर युवराज सिंह को तो दूसरी फोटो में क्रिकेटर हार्दिक पांड्या को नंगे सिर दिखाया है जबकि दरबार साहिब में जाने के लिए सिख धर्म के अनुसार सिर ढकना जरूरी है।
इससे कुछ दिन पहले ही एक कंकाल की गोल्डन टेंपल की परिक्रमा और लंगर हॉल में जूते पहने एआई वीडियो शेयर की गई थी। इस फोटो पर एसजीपीसी ने कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि इस मामले में अब केंद्र व राज्य सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए, ताकि ऐसे आरोपितों पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में कोई इस तरह की बेअदबी न कर सके। एआई द्वारा बनाई गई पहली फोटो में क्रिकेटर युवराज सिंह, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा और उनकी मां को दिखाया गया है। इसमें अर्शदीप ने पगड़ी पहनी है जबकि अभिषेक का सिर भी कपड़े से ढका है। उनकी मां का सिर भी चुन्नी से ढका गया है लेकिन युवराज सिंह को नंगे सिर दिखाया गया है। पीछे दरबार साहिब नजर आ रहा है।
दूसरी एआई फोटो में क्रिकेटर हार्दिक पांड्या, विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और बॉलीवुड कलाकार रणवीर सिंह को दिखाया गया है। इसमें भी पहली फोटो की तरह ही बेअदबी की गई है। फोटो में विराट, धोनी और रणवीर का सिर तो ढका हुआ है लेकिन हार्दिक पांड्या को नंगे सिर दिखाया गया है।
एसजीपीसी के एडवोकेट अमनबीर सिंह सियाली ने कहा कि लगातार वायरल हो रही इन तस्वीरों को लेकर कमेटी की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस बारे में संबंधित अधिकारियों को शिकायतें भी सौंपी जा रही हैं। इससे पहले भी पवित्र सरोवर में कुल्ला करने की एक वीडियो वायरल हो चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

