home page

दिल्ली से अमृतसर आ रही पुलिस की कार कैंटर से टकराई, चार पुलिसकर्मियों समेत पांच घायल

 | 

खन्ना, 08 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली एयरपोर्ट से हत्या की कोशिश के मामले में पकड़े गए आरोपी को अमृतसर लेकर लौट रही पंजाब पुलिस की कार गुरुवार तड़के खन्ना के दहेड़ू पुल पर हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में कार सवार चार पुलिसकर्मियों और आरोपी समेत पांच लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घायलों की पहचान एएसआई गुरदेव सिंह, सीनियर कांस्टेबल गुरविंदर सिंह, कांस्टेबल अवनीत सिंह, पंकज शर्मा तथा आरोपी जतिंदर कुमार निवासी वड्डा हरीपुरा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल खन्ना पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ और राजिंदरा अस्पताल पटियाला रेफर किया गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हादसे की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जतिंदर कुमार के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज है। उसके विदेश भागने की आशंका के चलते उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। बताया गया है कि वह दुबई जाने की तैयारी में था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद अमृतसर पुलिस की टीम उसे लेकर वापस पंजाब लौट रही थी। इसी दौरान खन्ना में यह हादसा हो गया। हादसे में आरोपी के घायल होने के बाद उसे पुलिस की दूसरी टीम के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अब कैंटर चालक की तलाश के साथ-साथ हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH