पंजाब निकाय चुनाव में आआपा की एक तरफा जीत, दूसरे नंबर पर रही कांग्रेस
अकाली दल व भाजपा ने दर्ज कराई उपस्थिति
चंडीगढ़, 29 मई (हि.स.)। पंजाब के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों में आम आदमी पार्टी ने एक तरफा जीत हासिल की है। राज्यभर में कुल 1,897 वार्डों में से 1000 से ज्यादा में आप ने जीत दर्ज की।
355 वार्डों में कांग्रेस को जीत मिली, जबकि 180 पर शिअद ने बाजी मारी। 251 वार्डों पर निर्दलीय या अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों ने परचम लहराया। भाजपा 153 वार्डों में जीत के साथ पांचवें नंबर पर रही। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार निकाय चुनावों में कुल 80 उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित किए गए थे।
इनमें सबसे अधिक 63 उम्मीदवार आम आदमी पार्टी के हैं। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के 9, कांग्रेस का 1 और 7 निर्दलीय उम्मीदवार बिना मुकाबले चुनाव जीत चुके हैं।
मोहाली समेत आठ में से छह नगर निगमों पर आम आदमी पार्टी ने कब्जा किया है, जबकि कपूरथला में कांग्रेस और अबोहर में भाजपा को बहुमत मिला।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे आप की नीतियों, मुफ्त बिजली जैसे फैसलों की जीत करार दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता अभी भी पार्टी की पारंपरिक पकड़ और स्थानीय नेतृत्व पर भरोसा कर रही है। कई अन्य जिलों में भी कांग्रेस उम्मीदवारों ने कड़ी टक्कर दी है।
सीमावर्ती और व्यापारिक क्षेत्र अबोहर में भारतीय जनता पार्टी ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया है।
भाजपा नेताओं ने इसे शहरी वोटरों में पार्टी की बढ़ती स्वीकार्यता बताया है।
शिरोमणि अकाली दल के लिए यह चुनाव काफी चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। पार्टी कई पारंपरिक क्षेत्रों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि संगठनात्मक कमजोरी और बदलते शहरी वोट बैंक ने अकाली दल को नुकसान पहुंचाया है।
निकाय चुनाव में कुल 35 लाख 683 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र थे, जिनमें से 22 लाख 38 हजार 241 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 11 लाख 66 हजार 559 पुरुष, 10 लाख 71 हजार 604 महिलाएं तथा 78 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल रहे।
नगर निगमों में कुल 396 वार्डों और 1,091 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। यहां 1,613 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। नगर निगम क्षेत्रों में कुल 10 लाख 71 हजार 403 मतदाताओं में से 6 लाख 41 हजार 930 लोगों ने मतदान किया, जिससे मतदान प्रतिशत 59.91 दर्ज किया गया।
वहीं 75 नगर परिषदों के 1,283 वार्डों में 5,141 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे। नगर परिषद क्षेत्रों में कुल 22 लाख 87 हजार 637 मतदाताओं में से 14 लाख 88 हजार 408 लोगों ने वोट डाले। यहां मतदान प्रतिशत 65.06 रहा।
सबसे अधिक मतदान नगर पंचायतों में दर्ज किया गया। 19 नगर पंचायतों के 218 वार्डों में 800 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। इन क्षेत्रों में कुल 1 लाख 41 हजार 643 मतदाताओं में से 1 लाख 7 हजार 903 लोगों ने मतदान किया। नगर पंचायतों में मतदान प्रतिशत 76.18 रहा, जो सभी शहरी निकायों में सबसे अधिक है।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

