home page

आआपा विधायक ग्यासपुरा ने सदन में दी इस्तीफे की धमकी

 | 

चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। पंजाब विधानसभा में आज उस समय सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी असहज हो गई, जब पंचायती जमीन के मुद्दे पर पार्टी के एक विधायक ने मंत्री को चुनौती देते हुए इस्तीफे की धमकी दे डाली। आम आदमी पार्टी के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने गांव दौलतपुर की पंचायत की जमीन की नीलामी का मुद्दा उठाया।

इस पर पंचायत मंत्री तरूणप्रीत सिंह सौंध ने कहा कि जमीन की समय पर बोली कराई गई थी, लेकिन लोगों ने बोली नहीं दी। अब तीसरी बार नीलामी कराई जा रही है। सरकार की कोशिश है कि पंचायत की जमीन 20 प्रतिशत अधिक रेट पर जाए। इस पर विधायक ग्यासपुरा ने कहा कि अगर मंत्री गांव दौलतपुर की पंचायत जमीन की बोली करवाने की बात साबित कर दें, तो वह विधायक पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सदन झूठ बोलने का अड्डा नहीं है, कृपया सच बोला जाए।

इस बीच आप विधायक गुरदित्त सिंह ने अपने क्षेत्र में सिंचाई और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके इलाके का पटवारी खुद को मुख्य सचिव समझता है। अपने नियमों से काम करता है। डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने अपने हलके को नहरी पानी देने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा कि आप पानी के देवता हो, मेरे हलके को नहरी पानी दे दो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा