home page

चमकौर साहिब से टिकट कटने पर भड़के आप विधायक, चुनाव लड़ने का किया ऐलान

 | 
चमकौर साहिब से टिकट कटने पर भड़के आप विधायक, चुनाव लड़ने का किया ऐलान


-चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाए जाने पर जताई नाराजगी

कहा- एक साल से मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं मिला

चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी किए जाने के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी सामने आने लगी है। चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से टिकट कटने के बाद मौजूदा आप विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह हर हाल में चमकौर साहिब से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

आम आदमी पार्टी ने वीरवार को जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में चमकौर साहिब से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व पंजाब अध्यक्ष एवं पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाया है। गढ़ी को अगस्त में चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया था।

डॉ. चरणजीत सिंह ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरणजीत सिंह चन्नी को 7,900 से अधिक मतों के अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। हालांकि, इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटकर जसवीर सिंह गढ़ी पर भरोसा जताया है।

पार्टी के इस फैसले पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चरणजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने पूरी ईमानदारी से विधायक के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उनके खिलाफ न तो कोई आरोप है और न ही भ्रष्टाचार का कोई मामला है। इसके बावजूद पार्टी ने उनका टिकट क्यों काटा, यह उनकी समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री को हराने के बावजूद पार्टी ने उन्हें कोई अन्य जिम्मेदारी नहीं दी। हालांकि, उन्होंने कभी मंत्री पद या किसी अन्य पद की मांग नहीं की।

चरणजीत सिंह ने जसवीर सिंह गढ़ी को उम्मीदवार बनाए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने गढ़ी की चमकौर साहिब से चुनाव जीतने की क्षमता पर संदेह जताया।

उन्होंने कहा कि जब गढ़ी को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया था, तब उन्हें बताया गया था कि गढ़ी संगठन को मजबूत करने के लिए आए हैं। स्वयं गढ़ी ने भी कहा था कि वह संगठन को मजबूत करने आए हैं, चुनाव लड़ने नहीं।

चरणजीत सिंह ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि पार्टी उनके काम को देखते हुए दोबारा टिकट देगी।

विधायक चरणजीत सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के 50 गांवों के लिए 75 करोड़ रुपये की लागत वाली सिंचाई परियोजना लागू की गई। इसके अलावा 50 बिस्तरों वाला अस्पताल स्थापित किया गया और पेयजल की दो परियोजनाएं शुरू की गईं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पटवारी कार्यालय, पशु अस्पताल, अग्निशमन कार्यालय, हैंडबॉल मैदान, कई बस ठहराव स्थल और आम आदमी क्लीनिक भी स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की सूची काफी लंबी है।

चरणजीत सिंह ने पार्टी नेतृत्व पर उनकी बात नहीं सुनने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से वह अपने विधानसभा क्षेत्र की कुछ परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान से केवल दो मिनट का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के विशेष कार्य अधिकारी और संबंधित आईएएस अधिकारी से संपर्क करने के बावजूद उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक विधायक को मुख्यमंत्री से मिलने का समय नहीं मिलता तो आम आदमी क्या उम्मीद कर सकता है।

चरणजीत सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात का समय मांगा था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद उन्हें मिलने का समय नहीं मिला।

आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चरणजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि वह हर हाल में चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि अन्य राजनीतिक दल भी उनके संपर्क में हैं।

गौरतलब है कि चरणजीत सिंह पेशे से नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में भी चमकौर साहिब से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2022 में उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर जीत हासिल की थी।

वहीं, जसवीर सिंह गढ़ी जनवरी 2025 में बसपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद उन्हें पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। गढ़ी वर्ष 2022 में फगवाड़ा से विधानसभा चुनाव और वर्ष 2024 में आनंदपुर साहिब से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। दोनों चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पंजाब में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में टिकट कटने के बाद मौजूदा विधायक की नाराजगी ने चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH