अमृतसर में ‘आप’ नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, दोस्त घायल
- गुरुद्वारा साहिब से माथा टेककर लौट रहे थे दोनों, हमलावरों ने 7 से 8 राउंड फायरिंग की
अमृतसर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के गांव झिते कलां में सोमवार रात पुरानी रंजिश के चलते आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कराज सिंह के भाई तिरथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनका दोस्त रणजीत सिंह भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं।
पुलिस के मुताबिक हमलावरों ने करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। तिरथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल रणजीत सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि इस मामले में गुरदित सिंह, हरकीरत सिंह, गुरजंट सिंह और गोरा निवासी गांव झिते कलां के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। गुरदित सिंह की कराज सिंह और उनके परिवार के साथ पुरानी रंजिश बताई जा रही है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन गांव के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला सुलझा दिया था।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात गुरुद्वारा साहिब के पास हमलावरों ने तिरथ सिंह और उनके दोस्त को घेर लिया। इस दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद गुरदित सिंह के साथी भी मौके पर पहुंच गए और तिरथ सिंह पर गोलियां चला दीं। कराज सिंह ब्लॉक समिति के सदस्य हैं, जबकि उनकी मां आम आदमी पार्टी से जुड़ी गांव की सरपंच हैं। परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर चाटीविंड थाने की पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

