home page

पंजाब में पंचायती जमीनों से संबंधित नियमों में किए गए बदलावों की जांच होनी चाहिए : सुनील जाखड़

 | 
पंजाब में पंचायती जमीनों से संबंधित नियमों में किए गए बदलावों की जांच होनी चाहिए : सुनील जाखड़


चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पंजाब के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया है कि पंजाब की भगवंत मान सरकार ने पंचायती राज कानून की मूल भावना को दरकिनार करते हुए कानून में संशोधन किया और अपने तीन मंत्रियों के विभागों की कथित मिलीभगत से पूरी तरह गैरकानूनी तरीके अपनाकर 150 एकड़ पंचायती जमीन खनन माफिया को सौंप दी।

आज यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुनील जाखड़ ने तथ्यों के साथ कहा कि यह केवल पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों और सरकारी खजाने की लूट का मामला नहीं है, बल्कि पर्यावरण और पारिस्थितिकी संरक्षण से जुड़ा एक गंभीर मुद्दा भी है। सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) पहले ही पठानकोट जिले में आप सरकार के चहेते खनन माफिया को 92 एकड़ पंचायती जमीन हस्तांतरित किए जाने के मामले की जांच कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय ने भी टिप्पणी की है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट वन विभाग की जमीन पर हो रहा खनन सीमा पार से मादक पदार्थों, हथियारों और आतंकवादियों की घुसपैठ का खतरा बढ़ाकर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को दांव पर लगा रहा है।

उन्होंने हैरानी जताई कि वन विभाग से संरक्षित घोषित वन क्षेत्र के भीतर भी खनन किया जा रहा है, जबकि ऐसे संरक्षित क्षेत्रों के एक किलोमीटर के दायरे तक खनन की मनाही होती है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि इन संशोधनों के माध्यम से पंचायत के प्रस्ताव और उपायुक्त की मंजूरी के आधार पर जमीन आवंटित करने का रास्ता खोला गया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इन बदलावों से जमीन की नीलामी और अन्य अनिवार्य कानूनी प्रक्रियाओं की आवश्यकता समाप्त नहीं होती।

उन्होंने कहा कि पहले पंचायती जमीन को खनन माफिया के हवाले करना संभव नहीं था, इसलिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने कानून में ऐसा बदलाव कर दिया, जिससे पंचायत का प्रस्ताव पारित होने के बाद जमीन आवंटित की जा सके। सुनील जाखड़ ने आरोप लगाया कि इस प्रकार अपनी लूट को कानूनी जामा पहनाकर मान सरकार ने अकेले पठानकोट जिले में ही पहले आवंटित 92 एकड़ जमीन से अलग 150 एकड़ अतिरिक्त पंचायती जमीन पंचायतों से छीनकर खनन माफिया को सौंप दी है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि संशोधित कानून के प्रावधानों का भी उल्लंघन किया गया। न तो पंचायतों की आम सभाएं आयोजित की गईं और न ही खुली बोली के माध्यम से जमीन ठेके पर दी गई। इसके बजाय सभी नियमों और प्रक्रियाओं को दरकिनार कर ये जमीनें सरकार के चहेते लोगों को आवंटित कर दी गईं। जाखड़ ने जोर देकर कहा कि वह इस मामले में केवल बयानबाजी नहीं कर रहे हैं, बल्कि उनके पास संबंधित जमीनों के खसरा नंबर, मालिकाना हक के रिकॉर्ड, लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) और अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों सहित विस्तृत जानकारी और दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं।

-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH