home page

आम आदमी पार्टी शनिवार को जारी करेगी विधानसभा उम्मीदवारों की पहली सूची

 | 
आम आदमी पार्टी शनिवार को जारी करेगी विधानसभा उम्मीदवारों की पहली सूची


- दिल्ली में अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की अहम बैठक, करीब 15 उम्मीदवारों के नामों पर बनी सहमति

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी कल उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई अहम बैठक के बाद बताया कि आज की बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों और प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कल आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देकर पहली सूची जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान आज सुबह दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के साथ बैठक की। इस दौरान पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा भी वीडियो माध्यम से जुड़े।

पार्टी सूत्रों के अनुसार आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने लगभग 15 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बना ली है। हालांकि, इन नामों की आधिकारिक घोषणा राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद ही की जाएगी। बताया जा रहा है कि बैठक में उन विधायकों के नामों पर विशेष चर्चा हुई, जो लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं। इनमें से अधिकतर विधायकों को तीसरी बार भी चुनाव मैदान में उतारे जाने की संभावना है।

आम आदमी पार्टी पंजाब में अन्य राजनीतिक दलों से पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी बढ़त हासिल करना चाहती है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उम्मीदवारों के नाम समय से पहले घोषित होने पर उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता से संपर्क करने और चुनाव प्रचार की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।

पंजाब में फरवरी 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी ने अभी से चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH