home page

लुधियाना में मां और बेटे के सामने प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला

 | 

लुधियाना, 29 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के लुधियाना में बुधवार देर रात ढोलेवाल इलाके के नजदीक एक रेस्तरां में खाना खाने के बाद अपनी मां और साढ़े तीन साल के बेटे के साथ घर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर जगजीत सिंह पर कथित तौर पर करीब आठ लोगों ने हमला कर दिया। घटना में जगजीत सिंह के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। वह किसी तरह अपनी मां और बेटे को लेकर कार से निकलने में सफल रहे और उपचार के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे।

घायल जगजीत सिंह ने बताया कि वह अपनी मां और बेटे के साथ रेस्तरां में खाना खाने गए थे। खाना खाने के बाद उनका बेटा भुगतान करने और पानी की बोतल लेने के लिए कार से बाहर निकला था। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। जगजीत सिंह ने पीछे मुड़कर देखा, तो उनका बेटा भागते हुए कार की तरफ आ रहा था। जैसे ही बच्चा कार के अंदर बैठा, हमलावर वाहन के पास पहुंच गए और खिड़की के नजदीक गोलीबारी शुरू कर दी।

जगजीत सिंह के अनुसार वह अपने बेटे को बचाने के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने दावा किया कि वह हमलावरों को पहले से जानते हैं। उनके अनुसार करीब एक साल पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके घर पर हमला किया था और गोलीबारी की थी। पीड़ित ने आशंका जताई है कि ताजा हमला भी पुरानी रंजिश के चलते किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपित मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे। पुलिस घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

-------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH