home page

अमृतसर के बांस बाजार में भीषण आग, दुकानदार जिंदा जला

 | 
अमृतसर के बांस बाजार में भीषण आग, दुकानदार जिंदा जला


7 घंटे से आग पर काबू पाने में जुटी फायर ब्रिगेड

चंडीगढ़, 28 मई (हि.स.)। पंजाब के अमृतसर स्थित बांसों वाला बाजार में गुरुवार को आग लगने से एक दुकानदार जिंदा झुलस गया व कई लोग सामान बचाने के चक्कर में चोटिल हो गए। बांस व लकड़ी का सामान होने के कारण यहां कई घंटे तक आग का तांडव चलता रहा, जिसमें दो दर्जन दुकानें जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ों ने आग पर काबू पाने में लगी रही, करीब 7 घंटे बीत जाने के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका।

दुकानदार अनूप कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर राम बागा कोट आत्मा सिंह में एक दुकान को आग लगी। जिसके बाद पिछली तरफ स्थित बांस व लकड़ी की दुकानें आग की चपेट में आ गई। आग ने करीब 25 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। यहां स्थित मोबाइल टावर में भी आग पहुंच गई। जिससे लोगों में भगदड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूखे बांस होने के कारण आग बुुरी तरह से फैल गई।

इस बीच एक दुकानदार दिव्यांग होने के कारण बाहर नहीं निकल पाया और जिंदा जल गया। आग इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। जिला प्रशासन के अधिकारी तथा पुलिस भी मौके पर पहुंचे।

वहीं, विधायक अजय गुप्ता ने बताया कि जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली, वह 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। रास्ते में ही उन्होंने फायर ब्रिगेड अधिकारियों, पीएसपीसीएल अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर से संपर्क कर सभी इंतजाम करवाए। फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH