जींद : पांच लाख की फिरौती मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 07 सितंबर (हि.स.)। सीआईए स्टाफ जींद ने धमकी देकर पांच लाख रुपये कि फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों ने राशि न देने पर शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी तक दी थी। पकड़े गए एक आरोपित के खिलाफ तीन मामले व दूसरे के खिलाफ पांच अलग-अलग मामले पुलिस थानों में दर्ज हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है।
उप पुलिस अधीक्षक जींद रिषभ सोढी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में जानकारी देते हुए बताया कि गत तीन सितंबर को रोहतक रोड निवासी तुषार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसे दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने व्यक्ति ने स्वयं को डेविड, रोहित तथा रामपाल का दोस्त बताते हुए उससे पांच लाख रुपयों की फिरौती मांगी थी और प्रतिमाह भी रुपये देने के लिए दबाव बनाता था। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई थी।
आरोपित द्वारा स्वयं को एक बड़े संगठन, सिंडिकेट से जुड़ा बताते हुए तथा हथियार होने की बात कह कर उसे भयभीत करने का प्रयास किया गया। जिसकी शिकायत के आधार पर थाना शहर जींद में मामला दर्ज कर आगामी जांच सीआईए स्टाफ जींद को सौंपी गई थी। सीआईए स्टाफ जींद ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर आरोपित गांव कालवा निवासी नवीन, भिवानी रोड जींद निवासी दिनेश को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपितों को माननीय अदालत में पेश करके आगामी कार्यवाही नियमानुसार अमल में लाई जा रही है। गौरतलब है कि आरोपित नवीन के खिलाफ तीन मुकद्में व आरोपित दिनेश के खिलाफ पांच मुकद्में पहले से दर्ज हैं। जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

