पंजाब में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच निकायों में 61.5 फीसदी मतदान
कई जिलों में हिंसा और बूथ कब्जाने के आरोप
लुधियाना घटना पर मामला दर्ज
देर रात तक आयोग ने जारी नही किया फाइनल आंकड़ा
चंडीगढ़, 26 मई (हि.स.)। पंजाब में हिंसा की छिटपुट घटनाओ के बीच मंगलवार को नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए 61.5 फीसद मतदान हुआ।
राज्य के कई जिलों में हिंसा, झड़प, मारपीट, पथराव और बूथ कब्जाने के आरोपों की खबरें सामने आईं।
अंतिम आंकड़े रिटर्निंग अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद जारी किए जाएंगे। इन चुनावों में ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया गया। मतगणना 29 मई को होगी। पंजाब में कई जगह आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की कांग्रेस व अकाली दल के साथ झड़प हुई।
अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इन स्थानीय निकाय चुनावों को सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए सियासी सेमीफाइनल माना जा रहा है। यही कारण रहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के कार्यकर्ताओं के बीच कई स्थानों पर तनाव और टकराव देखने को मिला।
सबसे बड़ा विवाद पटियाला जिले के समाना में सामने आया। वार्ड नंबर 19 में दो राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर पथराव हुआ। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए मतदान रोकना पड़ा। हवाई फायरिंग की भी खबर सामने आई है। इसी दौरान एक युवक के करंट लगने से घायल होने की सूचना मिली।
लुधियाना जिले के रायकोट में वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर कथित तौर पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के समर्थकों ने उन पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल जगदेव सिंह जग्गा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरनाला में वार्ड नंबर 15 से भाजपा उम्मीदवार दीपिंदर कौर के पति के साथ मारपीट की घटना हुई। बताया गया कि उन्होंने फर्जी मतदान का आरोप लगाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इस दौरान उनकी पगड़ी उतार दी गई और उन्हें चोटें आईं। बाद में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा में वार्ड नंबर 18 और 19 में मतदान के दौरान शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी समर्थकों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद अकाली दल ने पंजाब राज्य चुनाव आयोग को शिकायत देकर आप विधायक हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों और अन्य लोगों पर बूथ कब्जाने, मतदाताओं को डराने-धमकाने और मारपीट के आरोप लगाए। पार्टी ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अमृतसर के मजीठा में भी माहौल तनावपूर्ण रहा। यहां शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और अमृतसर देहात के एसएसपी सुहैल कासिम मीर के बीच तीखी बहस हो गई। मजीठिया ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में एक सिख युवक की पगड़ी उतार दी और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि मजीठा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है।
लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर हमला होने की खबर भी सामने आई, जिसने आप विधायक सर्वजीत कौर माणुके से बहस की थी। वहीं खन्ना, संगरूर और बठिंडा से भी झड़पों और तनाव की घटनाएं सामने आईं। बठिंडा में हवाई फायरिंग की सूचना मिली।
संगरूर में पुलिस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी ओंकार सिंह बराड़ को हिरासत में ले लिया। ओंकार सिंह बराड़ हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को धूरी में उस समय रोक लिया गया, जब वह कथित मारपीट पीड़ित उम्मीदवार से मिलने जा रहे थे।
अबोहर में पुलिस ने एनएसयूआई की नेमप्लेट लगी हरियाणा नंबर की गाड़ी में घूम रहे चार युवकों को हिरासत में लिया। वहीं फरीदकोट में आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों को मतदान केंद्र तक लाने के लिए आर्मी स्कूल बस का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके बाद वहां हंगामा हो गया।
इस बीच पंजाब के चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने कहा कि लुधियाना की घटना में एफआईआर दर्ज करवा दी गई हैं। बैलेट पेपर से मतदान हुआ है। सभी जगह से ब्योरा आने के बाद रिपोर्ट जारी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

