खुले नाले में गिरने से अधेड़ व्यक्ति की मौत, शव ले जाने के लिए भी नहीं मिली एंबुलेंस
मानसा, 28 नवंबर (हि.स.)। मानसा में शुक्रवार रात कोर्ट रोड पर खुले नाले में गिरने से 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मानसा निवासी निक्का सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। करीब दो से तीन फीट चौड़ा नाला खुला हुआ था।
शनिवार सुबह नाले में शव मिलने की सूचना पर मृतक की पत्नी और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची लेकिन शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मचारी नहीं आया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, एक पुलिसकर्मी ने भी आपातकालीन सेवा 108 पर दो बार फोन किया लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मोटरसाइकिल रेहड़ी का इंतजाम कर शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
कांग्रेस नेता गुरप्रीत सिंह विक्की ने सोशल मीडिया पर इस मामले को उठाते हुए नगर प्रशासन और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे खुले नाले और आपातकालीन सेवाओं में देरी आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता का विषय है।
वहीं, मानसा के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरमेल सिंह ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा केवल मरीजों के लिए है। शवों को ले जाने के लिए अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं करवाई जाती। जिन मामलों में शव का पोस्टमार्टम करवाना होता है, उनमें पुलिस को किसी स्वयंसेवी संस्था या अपने वाहन के माध्यम से शव अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में शव वाहन बुलाया जाना चाहिए था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

