home page

ऑपरेशन प्रहार-3.0 में 3,949 गिरफ्तार, पंजाबभर में 5,448 ठिकानों पर छापेमारी

 | 
ऑपरेशन प्रहार-3.0 में 3,949 गिरफ्तार, पंजाबभर में 5,448 ठिकानों पर छापेमारी


42 गैंगस्टर और सहयोगी, 1,201 नशा तस्कर पकड़े; 958 एफआईआर दर्ज, 262 वाहन जब्तचंडीगढ़, 18 जुलाई (हि.स.)। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने 16 दिवसीय खुफिया सूचना आधारित ऑपरेशन प्रहार-3.0 सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अभियान के दौरान पुलिस ने गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों, नशा तस्करों और वांछित अपराधियों से जुड़े 5,448 स्थानों पर छापेमारी कर 3,949 लोगों को गिरफ्तार किया।पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनता का भरोसा मजबूत करना, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना और संगठित अपराध, नशा तस्करी तथा गैंगस्टर नेटवर्क को निर्णायक झटका देना था। कार्रवाई को चरणबद्ध तरीके से चलाया गया और प्रत्येक दिन एक पुलिस रेंज या कमिश्नरेट को विशेष रूप से कवर किया गया।ऑपरेशन में 10,401 पुलिसकर्मियों की 2,000 से अधिक टीमों को तैनात किया गया। इस दौरान 958 एफआईआर दर्ज की गईं, 1,520 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई और 262 वाहनों को जब्त किया गया।विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में 42 गैंगस्टर और उनके सहयोगी, 1,201 नशा तस्कर एवं पेडलर, 119 भगोड़े अपराधी और 2,587 वांछित आरोपी शामिल हैं।पुलिस टीमों ने 12 हथियार, 10.47 किलोग्राम हेरोइन, 1.50 किलोग्राम अफीम, 30 किलोग्राम गांजा, 259 किलोग्राम भुक्की और 21,746 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए। इसके अतिरिक्त 646.25 लीटर लाहन, 1,243.5 लीटर अवैध शराब और 4.03 लाख रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई। चोरी के वाहन, मोबाइल फोन, गोला-बारूद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई।अभियान के दौरान रंगदारी, वाहन चोरी, अवैध नशा मुक्ति केंद्रों, फार्मास्यूटिकल दवाओं की गैरकानूनी बिक्री और नकली शराब से जुड़े कई आपराधिक मॉड्यूल का भी पर्दाफाश किया गया।डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान तब तक पूरी ताकत से जारी रहेगा, जब तक पंजाब से गैंगस्टरवाद का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता। उन्होंने खन्ना, बठिंडा, जालंधर कमिश्नरेट, होशियारपुर और मानसा पुलिस के प्रदर्शन की सराहना की।पंजाब पुलिस ने लोगों से एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गैंगस्टरों और संगठित अपराध से संबंधित जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH