पंजाब:बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़ने के आरोप में तीन कट्टरपंथी गिरफ्तार
पुलिस ने बरामद किए
हथियार व मोबाइल
होशियारपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)।
होशियारपुर के गांव नूरपुर जट्टा में
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 30 और 31 मार्च 2026 रात को थाना माहिलपुर
क्षेत्र में हुई थी, जिसके
बाद इलाके में तनाव फैल गया था। मामले
की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संदीप मालिक के निर्देशों पर विशेष जांच टीमें
गठित की गईं। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेजऔर लगातार छापेमारी के जरिए आरोपियों तक
पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरकीरत सिंह (26) निवासी बड़ियां कलां, बननदीप सिंह (20) निवासी एसएएस नगर और साहिलप्रीत सिंह (22)
निवासी एसएएस नगर के रूप में हुई है।
जांच
में सामने आया है कि मुख्य आरोपी गुरकीरत सिंह वर्ष 2023 में अमेरिका गया था, जहां वह एक कट्टरपंथी संगठन के संपर्क
में आया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों
ने इस घटना को अंजाम देने के बदले में करीब 50 हजार रुपये की राशि प्राप्त की और घटना
का वीडियो बनाकर अपने हैंडलर को भेजा। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल
हुआ, जिससे माहौल और अधिक
तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस
ने बताया कि आरोपियों ने समाज में नफरत और अशांति फैलाने की मंशा से यह वारदात की।
घटना के दौरान उन्होंने एक ऑल्टो के-10 कार का इस्तेमाल किया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके अलावा एक लोहे की रॉड और
मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनका
इस्तेमाल घटना में किया गया था।
पुलिस
अधिकारियों के मुताबिक, इस
मामले में शामिल अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता
लगाया जा रहा है कि आरोपियों के संपर्क किन-किन लोगों से थे और उन्हें इस साजिश के
लिए किस तरह से उकसाया गया। एसएसपी होशियारपुर संदीप मालिक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था को
बिगाड़ने और समाज में नफरत फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर
रहने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

