home page

बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने अमृतसर बॉर्डर के पास बरामद की 27 किलो हेरोइन

 | 

अमृतसर, 21 जून (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पुल मोरन के नजदीक बॉर्डर बेल्ट से 27 किलो हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है।

सुरक्षा एजेंसियों को विशेष खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान स्थित तस्करों ने ड्रोन के जरिए घरिंडा क्षेत्र में हेरोइन की बड़ी खेप गिराई है। सूचना मिलते ही बीएसएफ और पंजाब पुलिस की टीमों ने इलाके में संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने 27 किलो हेरोइन बरामद की। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस खेप को सीमा पार से भेजने और स्थानीय स्तर पर प्राप्त करने में किन लोगों की भूमिका रही है।

सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए नशे और हथियारों की तस्करी की लगातार कोशिशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और तलाशी अभियान तेज कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे संयुक्त अभियान क्रॉस-बॉर्डर तस्करी नेटवर्क को तोड़ने और राज्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बेहद अहम हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं और तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH