1984 के सिख नरसंहार पर फोटो प्रदर्शनी के साथ भाजपा का 'ज़ख़्म 84 दे' सम्मेलन शुरू
चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने बुधवार को सेक्टर-24 स्थित होटल पार्कव्यू में 1984 के सिख नरसंहार पर आधारित फोटो प्रदर्शनी के साथ अपने एक दिवसीय सम्मेलन ‘जख्म 84 दे’ का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने किया।
प्रदर्शनी में पंजाबी भाषा के कैप्शन के साथ बड़े-बड़े पैनलों पर 1984 की घटनाओं को दर्शाती ब्लैक एंड व्हाइट अभिलेखीय तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से युवा पीढ़ी को उस दौर की भयावह घटनाओं से रूबरू कराया जा रहा है। इनमें त्रिलोकपुरी में सिखों के घरों और झुग्गियों को जलाए जाने, कनॉट प्लेस में सिखों की दुकानों को आग के हवाले किए जाने और दिल्ली की गलियों में मची तबाही के दृश्य शामिल हैं।
एक अन्य पैनल में हिंसा के कारण बेघर हुए परिवारों को बचा हुआ सामान लेकर बैठे दिखाया गया है, जबकि एक पैनल में सिखों को बसों से बाहर घसीटे जाने की घटना को दर्शाया गया है।
नरसंहार के 42 साल बाद आयोजित यह प्रदर्शनी उस त्रासदी से जुड़ी घटनाओं, उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़ितों की मानवीय पीड़ा को तस्वीरों के माध्यम से सामने लाने का प्रयास है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

