home page

पंजाब के सभी सेवा केंद्र 15 सितंबर को बंद रहेंगे, मोहाली में राज्य स्तरीय धरना

 | 

- लंबित मांगों के समाधान न होने पर यूनियन ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी

मोहाली, 06 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के सभी सेवा केंद्र 15 सितंबर को बंद रहेंगे। पंजाब सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान न होने के विरोध में एक दिन के पूर्ण बंद का ऐलान किया है।

यूनियन के अनुसार 15 सितंबर को राज्यभर के सेवा केंद्रों में कामकाज ठप रहेगा। इस दिन कर्मचारी मोहाली के फेज-10 स्थित श्रम विभाग कार्यालय के बाहर राज्य स्तरीय धरना देंगे। धरने के दौरान कर्मचारी अपनी लंबित मांगों के साथ कथित तौर पर हो रही अनदेखी और दबाव का मुद्दा उठाएंगे।यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर सरकार तथा संबंधित अधिकारियों को पहले ही कई बार अवगत कराया जा चुका है। इस संबंध में लिखित पत्र भी भेजे गए, लेकिन अभी तक किसी ठोस समाधान के लिए प्रभावी बैठक नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में रोष बढ़ रहा है।

पंजाब सेवा केंद्र कर्मचारी यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष बलजिंदर सिंह माझा और महासचिव गुरसेवक सिंह चहल ने राज्यभर के कर्मचारियों से 15 सितंबर को मोहाली पहुंचकर धरने में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। सेवा केंद्र बंद रहने के कारण आम लोगों के विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े काम भी प्रभावित हो सकते हैं। यूनियन ने स्पष्ट किया कि 15 सितंबर के धरने के दौरान आगे के आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी। यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है।

----------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH