(अपडेट) अमृतसर में पाकिस्तान लिंक वाले रैकेट से सात किलो हेरोइन बरामद, पांच तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 7.050 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने के साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार करके सरहद पार से नशीले पदार्थों की तस्करी वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार किए गए तस्कर पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में थे, जो ड्रोन के माध्यम से खेप भेजकर अपने स्थानीय हैंडलरों के जरिए पूरे पंजाब में इसकी सप्लाई कर रहे थे।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दीपक सिंह उर्फ दीपू (22) निवासी हरकृष्ण नगर छेहरटा, अमृतसर प्रिंस सिंह उर्फ प्रिंस निवासी गांव कोहाला, अमृतसर, सैंसरा कलां, अमृतसर के निवासी रजिंदर सिंह उर्फ घुद्दू (23), रणदीप सिंह उर्फ दिल (19) और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (21) के रूप में हुई है। हेरोइन बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिस पर वे नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने दीपक सिंह उर्फ दीपू को 1.3 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस को और 2.6 किलो हेरोइन बरामद करने में सफलता मिली, जिससे कुल बरामदगी 4.04 किलो हेरोइन हो गई।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आधारित हैंडलर के बारे में आगे की जांच के दौरान पुलिस टीमों ने रजिंदर उर्फ घुद्दू, रणदीप उर्फ दिल और गुरप्रीत उर्फ गोपी को 1.01 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार किया। इनके खुलासे के आधार पर उनके चौथे साथी प्रिंस सिंह उर्फ प्रिंस को भी 2 किलो हेरोइन समेत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गिरफ्तार दीपक उर्फ दीपू पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत खन्ना थाने में आपराधिक केस दर्ज है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

