लुधियाना में कबाड़ी की दुकान में धमाका, एक की मौत, एक घायल
चंडीगढ़, 21 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब के लुधियाना में कबाड़ी की दुकान में मंगलवार को जोरदार धमाका होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
घटना लुधियाना के हंबड़ा स्थित बंसल स्क्रैप में उस समय घटी जब कबाड़ी का कारिंदा स्क्रैप तोड़ रहा था। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दुकान मालिक शिव कुमार निब्बी के दो कर्मचारी कबाड़ में से स्क्रैप निकालने के लिए आग जलाकर काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अनजाने में कोई संदिग्ध चीज आग में फेंक दी, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया। दोनों कर्मचारी सीधे तौर पर धमाके की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही लाडोवाल थाना के प्रभारी अमृतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार हादसे की चपेट में आए चंदन कुमार और बाबा फूल पासवान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चंदन कुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि बाबा फूल पासवान फिलहाल खतरे से बाहर हैं। फॉरेंसिक और पुलिस टीम जांच कर रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

