पंजाब में कर्मचारियों व पेंशनरों का महंगाई भत्ता तीन प्रतिशत बढ़ा
- दिसंबर के वेतन व पेंशन के साथ मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता
चंडीगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए दिवाली के तोहफे के रूप में महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया, जिससे हमारी सरकार के कार्यकाल में महंगाई भत्ता 2022 के 28 प्रतिशत से बढक़र 53 प्रतिशत हो गया है। बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दिसंबर के वेतनों और पेंशनों के साथ मिलेगा।
सरकार के इस फैसले से पंजाब के आठ लाख कर्मचारियों व पेंशन भोगियों को लाभ होगा। इस ऐलान से पिछले दो महीनों में महंगाई भत्ते में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारें अक्सर खजाना खाली होने का रोना रोती थी, लेकिन हमारी सरकार ने कर्मचारियों की भलाई को प्राथमिकता दी और यह सुनिश्चित किया कि कर्मचारियों और पेंशनरों को उनके जायज हक से वंचित रखने में वित्तीय मुश्किलों को बहाना नहीं बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज पंजाब के लगभग आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली के तोहफे के रूप में हमने महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इससे डीए बढक़र 53 प्रतिशत हो गया है, जिससे कर्मचारियों को लगभग 3,988 करोड़ रुपये का सालाना वित्तीय लाभ मिलेगा। कर्मचारी हमारी सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं और हम उनकी भलाई, हक और सर्वांगीण कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को दिवाली की लाख-लाख बधाई।
इस बीच पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे के प्रशासन और लोक सेवा में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के अतुलनीय योगदान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी और पेंशनर पंजाब सरकार के पारिवारिक सदस्य हैं और प्रशासनिक मशीनरी की रीढ़ की हड्डी हैं। वे आम लोगों की शिकायतों को दूर करने, अमन-कानून बनाए रखने और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने के लिए पूरी तनदेही और समर्पण भावना से अपनी ड्यूटियां निभा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के पूरी तरह मेरिट के आधार पर नौजवानों को 71,777 सरकारी नौकरियां दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बढ़ोतरी पहली नवंबर से लागू होगी और दिसंबर महीने में दी जाने वाली तनख्वाह और पेंशन में तीन की बढ़ोतरी शामिल होगी। इस बढ़ोतरी से पंजाब में डीए 50 प्रतिशत से बढक़र 53 प्रतिशत हो गया है। जब हमने 2022 में पदभार संभाला था तो सरकारी कर्मचारियों को सिर्फ 28 प्रतिशत की दर से डीए मिल रहा था। महज दो महीने पहले सितंबर में डीए में आठ प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया गया था। यह पहली बार है, जब किसी सरकार ने महज दो महीनों के अंतराल में डीए में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि इस 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी से मौजूदा वित्तीय साल के दौरान कर्मचारियों और पेंशनरों को 1,813 करोड़ रुपये का फायदा होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

