home page

गुरदासपुर में गैंगस्टर बुरी बसंतकोटिया समेत पांच गिरफ्तार, छह पिस्तौल बरामद

 | 
गुरदासपुर में गैंगस्टर बुरी बसंतकोटिया समेत पांच गिरफ्तार, छह पिस्तौल बरामद


- सीमा पार से भेजे गए थे बरामद किए गए हथियार ड्रोन के जरिए

चंडीगढ़, 13 सितंबर (हि.स.)। पंजाब के गुरदासपुर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार करके सीमा पार से चलाए जा रहे हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से छह पिस्तौल, जिनमें एक 9 एमएम बेरेटा और एक 9 एमएम ग्लॉक शामिल है, समेत 49 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने रविवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुख्खा निवासी अलूना, गुरदासपुर, करन कुमार निवासी भाऊपुर अफगाना, गुरदासपुर, बलराज सिंह उर्फ बुरी निवासी बसंतकोट, गुरदासपुर, अमरीक सिंह उर्फ सोनू निवासी जोड़ियां कलां, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर और मनजिंदर सिंह उर्फ मंगू निवासी उप्पल, गुरदासपुर के रूप में हुई है। हथियार बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी महिंद्रा स्कॉर्पियो कार को भी जब्त कर लिया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हथियारों और गोला-बारूद की खेप सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियों का पता लगाने और सीमा पार से चलाए जा रहे हथियार तस्करी मॉड्यूल में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर स्पेशल ब्रांच गुरदासपुर, थाना डोरांगला और थाना बहिरामपुर की पुलिस टीम ने गांव नूरपुर थेह के चौराहे पर खड़ी एक महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी देखी, जिसमें दो व्यक्ति गाड़ी के बाहर खड़े थे और तीन व्यक्ति गाड़ी के अंदर बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि पुलिस पार्टी को देखते ही चालक ने गाड़ी तेज गति से भगा ली, लेकिन पुलिस पार्टी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर ही दो व्यक्तियों को काबू कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस पार्टी ने स्कॉर्पियो कार का पीछा किया और थाना कलानौर के क्षेत्र में सफलतापूर्वक गाड़ी को रोककर गैंगस्टर बलराज सिंह उर्फ ‘बुरी बसंतकोटिया’ और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से मैगजीन समेत कुल छह पिस्तौल और 49 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

एसएसपी आदित्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलराज उर्फ बुरी बसंतकोटिया एक कुख्यात अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 26 एफआईआर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा