अमृतसर में दस किलो हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 05 अगस्त (हि.स.)। पंजाब में
अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से चल रहे ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो
व्यक्तियों को गिरफ्तार करके उनके पास से दस किलो हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा
है। बरामद हेरोइन की
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक
गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गुप्त
सूचना के आधार पर अमृतसर देहात पुलिस ने थाना घरिंडा क्षेत्र में विशेष अभियान
चलाया। इस दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप कथित
तौर पर सीमा पार से भारत पहुंचाई गई थी। इसे पंजाब समेत अन्य राज्यों में सप्लाई
करने की तैयारी थी। इस संबंध में थाना घरिंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
कर लिया गया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े
अन्य लोगों और इसके संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही
नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना
है कि कार्रवाई केवल दो आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे ड्रग्स
तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

