अकाली दल व भाजपा के बीच गठबंधन पर बना रहा अंतिम समय तक सस्पेंस
पंजाब में आए भाजपा के तमाम नेताओं ने गठबंधन को नकारा, भाजपा शुरू कर चुकी है घोषणा पत्र की तैयारी
चंडीगढ़, 24 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में करीब छह साल बाद अकाली दल व भाजपा के बीच दोबारा हुए गठबंधन को लेकर अंतिम समय तक सस्पेंस बना रहा। पंजाब में चुनाव प्रचार के संबंध में आने वाले तमाम बड़े नेताओं ने गठबंधन से इनकार करते हुए कार्यकर्ताओं को 117 सीटों पर चुनाव लडऩे के लिए लामबंद किया। यही कारण है कि अधिकतर सीटों पर भाजपा के नेता व कार्यकर्ता चुनावी बिगुल फूंक चुके हैं।
पंजाब में 14 मार्च, 2026 को गृहमंत्री अमित शाह ने 2029 तक पंजाब को नशा मुक्त बनाने का ऐलान करते हुए अपने दम पर चुनाव लडऩे का ऐलान किया। इसके बाद 22 जून, 2026 को पंजाब आए नितिन नवीन ने भी भी कहा कि गठबंधन की चर्चा का नहीं बल्कि चुनाव की तैयारी का समय है। 12 अगस्त, 2026 को पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने एक साक्षात्मकार में अकाली दल के साथ गठबंधन से इनकार कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव-संगठन बी.एल. संतोष ने 24 अगस्त को पंजाब में आकर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और पार्टी के नेताओं को अपने बल पर 117 सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी के निर्देश दिए। 31 अगस्त, 2026 को पंजाब भाजपा प्रभारी सतीश पूनिया ने भी एक मंच से कहा कि गठबंधन नहीं अब भाजपा सरकार बनाएगी।
पंजाब में स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी निभा रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी लगातार पंजाब में रैलियां कर रहे हैं। सैनी अपने प्रत्येक कार्यक्रम में गठबंधन नही होने की बात करते रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रोत्साहित किए जाने के कारण पंजाब की अधिकतर सीटों पर भाजपा नेता चुनावी तैयारियां कर चुके हैं। कई हलकों में तो प्रचार भी शुरू हो चुका है। ऐसे में यह सीटें अगर अकाली दल के खाते में चली जाती हैं तो भाजपा के उन नेताओं के लिए बड़ा झटका होगा जो कई महीने से पसीना बहा रहे हैं। ऐसे में कई सीटों पर पेंच फंसने की संभावना है।
यही नहीं भारतीय जनता पार्टी की चुनाव घोषणा पत्र समिति भी अपना काम शुरू कर चुकी है। दो दिन पहले भाजपा ने बकायदा पंजाब के लोगों से घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगे थे। अब गठबंधन के बाद अकाली दल व भाजपा के राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं। जिसका असर धरातल पर दिखाई देगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

