सरकार कौन बनाएगा, इसका फैसला केवल जनता करेगी : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार कौन बनाएगा, इसका फैसला केवल जनता करेगी। किसी और को यह अधिकार नहीं है। उन्होंने यह बात शनिवार को रोहिणी के सेक्टर 8 और 13 में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उनके ये विचार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर देशभर में चल रहे विवाद और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों के बीच सामने आए। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही उपस्थित रहे।
विजेंद्र गुप्ता ने जनता के जनादेश को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि भारत में राजनीतिक सत्ता केवल लोकतांत्रिक चुनावों के माध्यम से ही प्राप्त की जा सकती है। किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल या परिवार का सत्ता पर कोई विशेष अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत का संवैधानिक लोकतंत्र इस सिद्धांत पर आधारित है कि नागरिकों को यह तय करने का पूरा अधिकार है कि उन पर शासन कौन करेगा।
उन्होंने कहा कि वोट नहीं चुराए गए हैं, लोगों के दिल जीते गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव में सफलता जनता की सेवा, ईमानदारी और निरंतर समर्पण से अर्जित विश्वास का परिणाम होती है। भारत का लोकतांत्रिक इतिहास इस बात का प्रमाण है कि मतदाता अपनी पसंद से सरकार चुनते हैं, उसके कामकाज का मूल्यांकन करते हैं और मतदान के माध्यम से सत्ता में बदलाव भी लाते हैं।
चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और संस्थाओं की विश्वसनीयता पर बात करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के सही ढंग से काम करने के लिए चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों की जांच तथ्यों, प्रमाणों और संविधान में निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर होनी चाहिए। बाबा साहेब डॉ. बीआर आंबेडकर की संवैधानिक सोच का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश का संवैधानिक ढांचा नागरिकों को अपने राजनीतिक अधिकारों का इस्तेमाल करने और सरकारों को जवाबदेह बनाने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि कानून का शासन आम नागरिकों, विशेषकर गरीबों और कमजोर वर्गों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उनके अधिकारों और सुरक्षा की रक्षा संवैधानिक संस्थाओं के प्रभावी कामकाज पर निर्भर करती है।
रोहिणी विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने सेक्टर 8 के पॉकेट बी-4 में दो रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) सड़कों और पॉकेट सी-8 में एक अन्य सड़क का शिलान्यास किया। इसके अलावा, उन्होंने सेक्टर 13 के नवशक्ति अपार्टमेंट्स, वंदना अपार्टमेंट्स और प्रिंटर्स अपार्टमेंट्स में नवनिर्मित तीन बूम बैरियर का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने सेक्टर 7 में गर्ग स्वीट्स के पास एक साइनबोर्ड का शिलान्यास किया और सेक्टर 7 के पॉकेट एफ-24 में नवनिर्मित बूम बैरियर का उद्घाटन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

