home page

विपक्षी सदस्यों का सदन का बहिष्कार करना संसदीय मर्यादा के खिलाफ : विजेंद्र गुप्ता

 | 
विपक्षी सदस्यों का सदन का बहिष्कार करना संसदीय मर्यादा के खिलाफ : विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने विपक्ष के सदस्यों द्वारा सदन के बाहर किए जा रहे प्रदर्शन की कड़ी निंदा की। उन्होंने आज बजट सत्र के दौरान सदन को संबोधित करते हुए कहा कि सदन का बहिष्कार करना और कार्यवाही में भाग न लेना सदन की गरिमा और संसदीय मर्यादा के पूर्णतः खिलाफ है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सदन ही वह स्थान है जहां चर्चा और संवाद होना चाहिए, लेकिन विपक्ष द्वारा बजट सत्र से दूरी बनाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

अध्यक्ष ने कहा कि इस समय, जब दिल्ली का बजट पेश किया जा रहा है, विपक्ष की भागीदारी और उपस्थिति अत्यंत महत्वपूर्ण है। चर्चा छोड़कर बाहर प्रदर्शन करना स्थापित संसदीय परंपराओं के विरुद्ध है, यह अत्यंत खेदजनक है कि पिछले सत्र में जब गुरुओं की बेअदबी का गंभीर मुद्दा उठा था, तब से नेता प्रतिपक्ष सदन में नहीं आईं हैं और अब भी लगातार अनुपस्थित हैं। इस प्रकार सदन की कार्यवाही में भाग न लेना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बाधा डालना, संवैधानिक संस्थाओं को हाइजैक करने जैसा है।

अध्यक्ष ने कहा कि आज सदन के पटल पर कई महत्वपूर्ण रिपोर्टें पेश की गई हैं, जिन पर विपक्ष को अपना पक्ष रखना चाहिए और चर्चा में भाग लेना चाहिए। विशेषकर जब दिल्ली का बजट सत्र हो रहा हो, तब विपक्ष की उपस्थिति अनिवार्य और अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संसदीय परंपराओं के विरुद्ध जाकर सदन की गरिमा के साथ उद्दंडता करना और बार-बार चेयर (आसन) की अवमानना करना अत्यंत निंदनीय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव