home page

मुख्यमंत्री ने ‘प्रवास कार्यक्रम’ में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

 | 
मुख्यमंत्री ने ‘प्रवास कार्यक्रम’ में गिनाईं सरकार की उपलब्धियां


नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में आयोजित ‘प्रवास कार्यक्रम’ में लोगों के बीच जाकर अपनी सरकार के एक वर्ष के कामों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड सिर्फ आंकड़ों की सूची नहीं है, बल्कि जनता की सेवा, जन-कल्याण और ‘विकसित दिल्ली’ के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिमी दिल्ली से सांसद योगेंद्र चंदोलिया, नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेव, मोती नगर से विधायक हरीश खुराना, मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय, ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा रॉय, कस्तूरबा नगर से विधायक नीरज बसोया, राजेंद्र नगर से विधायक उमंग बजाज, पूर्व मंत्री राज कुमार आनंद, पूर्व विधायक सुभाष सचदेवा, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर, रविंद्र चौधरी उपस्थित रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि हमारी सरकार की जनसेवा, जन-कल्याण और ‘विकसित दिल्ली’ के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। पिछले 27 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बनी भाजपा सरकार ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए हर विधानसभा और हर व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में 9 अटल कैंटीन स्थापित की जा चुकी हैं। बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 135 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं के अंतर्गत कीर्ति नगर में फुटओवर ब्रिज और नजफगढ़ नाले पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र में भी करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही 9 विधानसभा क्षेत्रों में पानी की पुरानी पाइपलाइनों को बदलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यातायात प्रबंधन और शहरी संरचना को मजबूत करने की दिशा में ग्रेटर कैलाश स्थित सावित्री फ्लाईओवर के फेज-II को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, एम-ब्लॉक में ऑटोमेटेड मल्टी-लेवल पार्किंग की शुरुआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र पहले अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा था। लेकिन आज यह ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह सरकार घोषणाओं की नहीं, बल्कि समय पर काम पूरा कर परिणाम देने वाली सरकार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव