home page

मकान की सीढ़ियां ढहीं, बच्ची समेत पांच महिलाओं और पालतू कुत्ते को सुरक्षित निकाला

 | 

नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। उत्तर दिल्ली के मल्का गंज इलाके में गुरुवार दोपहर एक मकान की सीढ़ियां अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय कुछ लोग दूसरी मंजिल पर फंस गए थे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बच्ची समेत पांच महिलाओं और एक पालतू कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दमकल विभाग के अनुसार दोपहर करीब 1:33 बजे रूप नगर क्षेत्र के तिलक चौक, सब्जी मंडी स्थित मकान संख्या 2088 में मकान ढहने की सूचना मिली थी। शुरुआती जानकारी के आधार पर एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर, एक आईआरटी और एक एमसीएफआर को मौके पर भेजा गया। घटनास्थल पर पहुंची टीम को पता चला कि मकान की पहली मंजिल की सीढ़ियां गिर गई हैं, जिससे दूसरी मंजिल पर मौजूद लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल कर्मियों, सुरक्षा बेल्ट और बचाव उपकरणों की मांग की गई। इसके बाद अतिरिक्त टीमों को मौके पर भेजा गया और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

बचाव अभियान के दौरान मानसी (45), उनकी बेटी अंजलि (24), पायल (21), पांच माह की बच्ची नीरू और दिव्यांग महिला कविता (40) को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके अलावा परिवार के पालतू कुत्ते को भी रेस्क्यू कर लिया गया।

गनीमत रही कि हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। संबंधित एजेंसियां मकान की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी