पहाड़गंज इमारत हादसे में मकान मालिक और ठेकेदार पकड़े गए
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। पहाड़गंज में होटल निर्माण के दौरान इमारत का हिस्सा ढहने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक रमन और ठेकेदार अनवर को पकड़ लिया है। दोनों के खिलाफ पहाड़गंज थाने में बीएनएस की धारा 290, 125(ए), 223(ए) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के अनुसार, यह हादसा 15 नवंबर को पहाड़गंज में हुई थी। इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। हादसे के समय दूसरी मंजिल की छत का लिंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे की चपेट में आने से वहां काम कर रहे आठ मजदूर घायल हो गए थे। सभी को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घायलों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंत्सु (40) के रूप में हुई थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में इमारत को सहारा देने वाले पिलर गीले पाए गए थे। साथ ही इमारत एक तरफ झुकी हुई भी दिखाई दी थी। हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों और इमारत की मजबूती को लेकर सवाल उठे थे। पुलिस अब मकान मालिक रमन और ठेकेदार अनवर की भूमिका के साथ हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

