home page

दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने स्कूल में नवनिर्मित स्विमिंग पूल का किया उद्घाटन

 | 
दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने स्कूल में नवनिर्मित स्विमिंग पूल का किया उद्घाटन


दिल्ली के शिक्षा मंत्री ने स्कूल में नवनिर्मित स्विमिंग पूल का किया उद्घाटन


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को सरस्वती विहार स्थित एसबीवी, सी-ब्लॉक स्कूल में नवनिर्मित स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। इस स्वीमिंग पुल के निर्माण पर 2. 60 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह स्विमिंग पूल छात्रों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दिल्ली सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह केवल एक साधारण स्विमिंग पूल नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए अवसरों का एक नया द्वार है। दिल्ली सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों के विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है, ताकि छात्रों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत वर्ष 2018 में हुई थी, लेकिन लंबे समय तक यह अधर में लटकी रही। अंततः वर्ष 2026 में हम इसे पूर्ण कर उद्घाटन करने में सफल हुए हैं। यह स्विमिंग पूल बच्चों के लिए अनेक नए अवसर लेकर आएगा। छह लेन के इस आधुनिक स्विमिंग पूल का लाभ आसपास के सभी क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को मिल सकेगा। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चे इसका उपयोग करें।

मंत्री सूद ने यह भी कहा कि आज इस स्विमिंग पूल को जनता को समर्पित किया गया है। यह इस बात का भी सशक्त उदाहरण है कि पिछली सरकार द्वारा दिल्ली में किस तरह परियोजनाओं को केवल अटकाया, लटकाया और प्रचार के नाम पर भटकाया जाता था। वर्ष 2018 में शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट जून 2025 तक भी अधूरी और बदहाल स्थिति में था। लेकिन दिल्ली सरकार के प्रयासों से आज यह बनकर जनता को समर्पित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव