जनसुनवाई सुशासन को सशक्त करने का मंच : रेखा गुप्ता
-महिलाओं ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया
नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा जनसुनवाई केवल शिकायतों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सुशासन के संकल्प को सशक्त करने का मंच है।
जनसुनवाई में पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, संपत्ति, नियमितीकरण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी प्रकरणों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध समाधान एवं प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त पेंशन से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से पेंशन का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचीं। इस अवसर पर अनेक महिलाओं ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। सरकार ने महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक नई आशा जगाई है।
मुख्यमंत्री ने महिलाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत दर्ज कराने का मंच नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या को पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से सुना और उसका समाधान किया जाए। दिल्ली की जनता की सेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

