छठ पूजा की तैयारियों का मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने हाथी घाट पर लिया जायजा
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग एवं सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार को आईटीओ स्थित हाथी घाट का दौरा कर वहां छठ पूजा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी भी मौजूद रहे।
दिल्ली में लाखों श्रद्धालुओं के छठ पूजा में शामिल होने की संभावना को देखते हुए सरकार द्वारा राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। छठ पूजा के लिए दिल्ली में कुल 996 स्थानों पर 1,482 घाटों की व्यवस्था की गई है। इनमें 53 स्थानों पर 81 स्थायी घाट, 914 स्थानों पर 1,372 अस्थायी घाट और यमुना नदी के किनारे 29 स्थानों पर 29 घाट शामिल हैं।
तैयारियों को समय पर पूरा करने और व्यवस्थाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए 74 एजेंसियों को लगाया गया है और 155 कार्य आवंटित किए गए हैं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड द्वारा घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
तैयारियों के तहत घाटों की साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता, श्रद्धालुओं के आने-जाने की सुविधा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, वहां व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दोनों विभागों के बीच समन्वय के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हो जाएं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि छठ पूजा दिल्ली में रहने वाले लाखों परिवारों, विशेषकर हमारे पूर्वांचली भाई-बहनों के लिए बहुत भावनात्मक और आस्था से जुड़ा पर्व है। यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने का यह अवसर हर परिवार के लिए बहुत खास होता है। इसी उद्देश्य से दिल्लीभर में व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और हर घाट पर श्रद्धालुओं की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सभी निर्धारित घाटों पर तैयारियों को पूरा करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि राजधानी के श्रद्धालु स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में छठ महापर्व मना सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

