home page

एमसीडी की शिक्षा समिति की बैठक में एक महीने में 50,000 नए दाखिले का लक्ष्य

 | 
एमसीडी की शिक्षा समिति की बैठक में एक महीने में 50,000 नए दाखिले का लक्ष्य


नई दिल्ली, 21 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की शिक्षा समिति की बैठक सोमवार को अध्यक्ष योगेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में निगम स्कूलों में नामांकन बढ़ाने, सफाई, सुरक्षा, रखरखाव और बच्चों के सर्वांगीण विकास को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए।

बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष योगेश वर्मा ने सभी डिप्टी डायरेक्टर एजुकेशन से उनके जोन में मौजूदा नामांकन की रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले एक महीने में 50,000 नए बच्चों के दाखिले का लक्ष्य पूरा किया जाए।

वर्मा ने कहा कि सिर्फ स्कूल स्तर पर प्रयास से यह संभव नहीं है। इसके लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों, स्टार पैरेंट्स और एनजीओ को साथ लेकर घर-घर जाकर लोगों को निगम स्कूलों में दाखिले के लिए प्रेरित करना होगा। हर शनिवार को शिक्षक अपने क्षेत्र में जाकर विशेष नामांकन अभियान चलाएंगे। जो शिक्षक 75 नए बच्चों का दाखिला कराएगा, उसे निगम शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

समिति ने स्कूलों में सफाई कर्मचारियों और चौकीदारों की भारी कमी को गंभीरता से लिया। अध्यक्ष ने शिक्षा निदेशक को लगभग 3,000 पदों पर भर्ती के लिए फाइल तैयार कर प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही चौकीदारों के नियमितीकरण और करुणा के आधार पर नियुक्ति के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने को कहा।

बैठक में स्कूलों के पार्कों और हरित क्षेत्रों की देखभाल का मुद्दा भी उठा। प्रत्येक स्कूल के पार्क के क्षेत्रफल की जानकारी मंगाई गई है, ताकि जरूरत के हिसाब से माली उपलब्ध कराए जा सकें।

वहीं, स्कूल भवनों, क्लासरूम, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मरम्मत कार्यों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बच्चों के शारीरिक विकास के लिए खेलों को बढ़ावा देने का प्रस्ताव पारित किया गया। एमसीडी मिनी लीग जैसी प्रतियोगिताओं और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने पर सहमति बनी।

अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि हर स्कूल में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और साफ शौचालय अनिवार्य है। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रधानाचार्य और इंचार्ज की जवाबदेही तय होगी। शिक्षा समिति के सदस्य नियमित स्कूलों का निरीक्षण करेंगे।

उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता सुधारने के लिए नए टेंडर की प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

बैठक में शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा, उपाध्यक्ष अमित खड़खड़ी, शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी समेत समिति के अन्य सदस्य, सभी डिप्टी डायरेक्टर एजुकेशन और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी