दिल्ली में 26 अप्रैल को “विमेन अचीवमेंट अवॉर्ड्स 2026”, नारी शक्ति को मिलेगा सम्मान
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली में 26 अप्रैल को “विमेन अचीवमेंट अवॉर्ड्स 2026” का आयोजन किया जाएगा। मुंबई स्थित इवेंट कंपनी बॉली बोनांज़ा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में होगा। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों, संघर्ष और उपलब्धियों को साझा करने का मंच भी बनेगा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, उद्यमिता, कला और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को इस अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
बॉली बोनांज़ा की सह-संस्थापक प्रियंका चौहान ने बताया कि संस्था सामाजिक दायित्वों के तहत विभिन्न वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों और जरूरतमंद बच्चों के उत्थान के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक “हीलिंग एक्सपीरियंस” के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें संगीत, लाइव सिंगिंग और कॉमेडी प्रस्तुतियों के माध्यम से सकारात्मक वातावरण बनाया जाएगा।
सह-आयोजक पंकज सैनी ने कहा कि यह मंच नारी शक्ति के सम्मान के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करेगा। कार्यक्रम में मुंबई से आए कलाकार, जिनमें गायक अरविंदर सिंह, अभिनेता करण मेहरा, कॉमेडियन विपिन, गायिका ऋतु पाठक और कलाकार अरुण शर्मा शामिल हैं, अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कार्यक्रम में एक विशेष नेटवर्किंग सत्र और इंटरएक्टिव गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी, जहां विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगे और सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से इस आयोजन में भाग लेने और नारी सशक्तिकरण के इस प्रयास को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

