home page

हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : रविंद्र इंद्राज सिंह

 | 
हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : रविंद्र इंद्राज सिंह


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने शनिवार को रोहिणी सेक्टर-24 में नई जल पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि “हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य राजधानी के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक परिवार तक साफ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने कहा कि जल जैसी मूलभूत सुविधा को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गांव–देहात एवं शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रही है ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र के नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नई पाइपलाइन परियोजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी राहत बताया। इस नई व्यवस्था से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें पहले जल आपूर्ति संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

दिल्ली सरकार द्वारा “विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली” के संकल्प को साकार करने के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि राजधानी के प्रत्येक नागरिक को बेहतर एवं सम्मानजनक जीवन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव