वीरेंद्र सचदेवा के पिता श्याम लाल सचदेवा का निधन, निगमबोध घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के 94 वर्षीय पिता श्याम लाल सचदेवा का मंगलवार को एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। बुधवार सुबह उनका अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर पूरे राजकीय एवं सामाजिक सम्मान के साथ किया गया।
अंतिम संस्कार उनके पांचों पुत्रों ने किया। इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा एवं रविन्द्र इंद्राज, महापौर राजा इकबाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि देने वालों में सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, वरिष्ठ भाजपा नेता विजय गोयल, रमेश बिधूड़ी, विनय सहस्रबुद्धे समेत अनेक लोग शामिल थे। इसके साथ ही आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, दिल्ली पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि श्याम लाल सचदेवा ने कठिन परिस्थितियों में सादगी और परिश्रम से अपने परिवार का पालन-पोषण किया और समाज सेवा के संस्कार दिए। उन्हीं मूल्यों का परिणाम है कि उनके पुत्र वीरेंद्र सचदेवा आज देश की सबसे बड़ी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सेवा कर रहे हैं।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

