home page

उत्तम नगर घटना: दिल्ली सचिवालय में तरुण के परिजनों से मिलीं मुख्यमंत्री, न्याय का भरोसा दिलाया

 | 
उत्तम नगर घटना: दिल्ली सचिवालय में तरुण के परिजनों से मिलीं मुख्यमंत्री, न्याय का भरोसा दिलाया


नई दिल्ली, 09 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के उत्तम नगर में हुई दुखद घटना में जान गंवाने वाले तरुण के परिजनों से सोमवार को मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तरुण के परिवार का दुख बेहद गहरा और असहनीय है। इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मामले की जांच तेजी से पूरी की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजधानी में इस तरह की अमानवीय और हिंसक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता और सहयोग उपलब्ध कराएगी। परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से सहारा देने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सरकार के अनुसार परिवार की सुरक्षा और संरक्षण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा और अन्य सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे समाज को स्पष्ट संदेश जाए कि दिल्ली में अपराध और हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार न्याय की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ आगे बढ़ाएगी।

उधर, इस घटना को लेकर इलाके में पहले से ही पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी