home page

उत्तराखंड श्रमिक कल्याण बोर्ड को स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड

 | 
उत्तराखंड श्रमिक कल्याण बोर्ड को स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड


नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड को श्रम कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नई दिल्ली में शनिवार को स्कॉच ग्रुप की ओर से गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राज्य में विकसित श्रम उपकर संग्रह प्रबंधन प्रणाली के लिए प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार श्रम आयुक्त एवं सचिव प्रकाश चंद दुमका ने आईटी विशेषज्ञ दुर्गा चमोली के साथ प्राप्त किया। दुमका ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में विकसित यह डिजिटल पोर्टल श्रम प्रबंधन में पारदर्शिता और दक्षता का उदाहरण बना है। इसकी सफलता के चलते भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा इसे अन्य राज्यों में भी लागू करने के लिए अपनाया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस उपलब्धि को राज्य में श्रमिक सुधारों और डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की मान्यता बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मैनुअल प्रणाली से पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक डिजिटल व्यवस्था की ओर हुए परिवर्तन को दर्शाता है, जो सुशासन के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय