ब्रिक्स सम्मेलन के चलते दिल्ली में ट्रैफिक पर पाबंदियां, कई रास्तों पर डायवर्जन
नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ मध्य दिल्ली को दूसरे हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर भी जरूरत के अनुसार डायवर्जन और यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, ये यातायात व्यवस्थाएं सुबह 9:30 बजे से रात 9:30 बजे तक प्रभावी रहेंगी। वीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी या डायवर्ट की जा सकती है। रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, तिलक मार्ग, इंडिया गेट और सी-हेक्सागन के आसपास यातायात को आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, पटेल रोड, एनएच-48 और परेड रोड पर भी अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें। खासकर मध्य दिल्ली और नई दिल्ली की ओर जाने वाले लोगों को जहां संभव हो, मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कहा है कि इससे प्रतिबंधित मार्गों पर संभावित जाम और वीआईपी मूवमेंट के कारण होने वाली देरी से बचा जा सकेगा।
वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन रूट का इस्तेमाल करने और रास्ते में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। आपातकालीन और जरूरी सेवाओं वाले वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।
ब्रिक्स सम्मेलन की सुरक्षा और वीआईपी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में ये विशेष ट्रैफिक इंतजाम किए गए हैं। भारत की मेजबानी में 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 12 व 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ब्रिक्स देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ साझेदार देशों के प्रतिनिधि भी शामिल हो रहे हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

