दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान: तीन घंटे में 11,800 चालान, गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर कार्रवाई
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर गलत पार्किंग और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। महज तीन घंटे चले इस अभियान में कुल 11,800 वाहन चालकों के चालान किए गए।
ट्रैफिक की संयुक्त आयुक्त पुलिस विजयांता गोयल आर्य ने रविवार को बताया कि 25 अप्रैल को यह विशेष अभियान दिल्ली के सभी ट्रैफिक रेंज और जिलों में एक साथ चलाया गया। इसका उद्देश्य सड़क जाम और दुर्घटनाओं की बड़ी वजह मानी जाने वाली गलत पार्किंग तथा गलत दिशा में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना था। अभियान के दौरान गलत और बाधक पार्किंग के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई की गई। मुख्य सड़कों, सर्विस लेन और बाजार क्षेत्रों में ट्रैफिक बाधित करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। नो-पार्किंग जोन, चौराहों के पास और फुटपाथ पर खड़े वाहनों को टो कर हटाया गया। इस दौरान 8,500 से अधिक चालान गलत पार्किंग के लिए किए गए।
वहीं, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के खिलाफ भी सख्त प्रवर्तन किया गया। दुर्घटना संभावित स्थलों, प्रमुख मार्गों और लगातार नियम उल्लंघन वाले इलाकों में विशेष टीमें तैनात की गईं। इन टीमों ने दोपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों सहित सभी श्रेणी के वाहनों पर कार्रवाई की। रॉन्ग साइड ड्राइविंग के लिए 3,500 से अधिक वाहन चालकों का चालान किया गया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करें, लेन अनुशासन का पालन करें और छोटी दूरी के लिए भी गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने कहा कि ऐसे उल्लंघन न केवल चालान का कारण बनते हैं बल्कि सड़क पर चलने वाले सभी लोगों की जान को खतरे में डालते हैं।
ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान राजधानी की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाने की दिशा में चलाए जा रहे लगातार प्रवर्तन और जागरूकता कार्यक्रमों का हिस्सा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

