home page

दिल्ली बॉर्डर पर प्रदूषण के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 4,272 वाहन लौटाए

 | 

नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बॉर्डर पर निगरानी तेज कर दी है। ग्रैप के तहत प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में पिछले 12 दिनों के दौरान 4,272 वाहनों को सीमा से ही वापस लौटा दिया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 246 वाहनों के चालान किए गए।

नॉर्दर्न रेंज ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 8 से 19 नवंबर के बीच नरेला और अमन विहार ट्रैफिक सर्कल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बॉर्डर पॉइंट पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 41,986 गैर-निर्धारित वाहनों की जांच की गई। अभियान के तहत दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों के दस्तावेज और निर्धारित प्रदूषण संबंधी नियमों की जांच की गई।

डीसीपी ट्रैफिक नॉर्दर्न रेंज डॉ. सचिन कुमार सिंघल के निर्देश पर विभिन्न बॉर्डर पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी ग्रैप और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों के अनुसार वाहनों की जांच कर रहे हैं। प्रतिबंधित श्रेणी में आने वाले वाहनों को नियमों के मुताबिक दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जा रही है। प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को प्रभावी बनाने के लिए बॉर्डर पर जांच और सख्त की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य प्रतिबंधित वाहनों की राजधानी में एंट्री रोकना और दिल्ली की हवा को और प्रदूषित होने से बचाने में सहयोग करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी