home page

15 अगस्त पर लाल किले के आसपास सुबह 4 से 10 बजे तक ट्रैफिक बंद, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

 | 
15 अगस्त पर लाल किले के आसपास सुबह 4 से 10 बजे तक ट्रैफिक बंद, दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी


नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन के दौरान सुरक्षा कारणों से लाल किले और आसपास के इलाकों में कई मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ये प्रतिबंध सुबह चार बजे से 10 बजे तक लागू रहेंगे। इस दौरान केवल लेबल वाले अधिकृत वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से चट्टा रेल चौक, लोधियन रोड पर दिल्ली जीपीओ से चट्टा रेल चौक, एसपी मुखर्जी मार्ग पर एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक, चांदनी चौक रोड पर फाउंटेन चौक से लाल किला, निषाद राज मार्ग पर रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और इसके लिंक रोड तथा राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड पर सुबह चार से 10 बजे तक सामान्य यातायात बंद रहेगा। जिन वाहनों के पास समारोह या रिहर्सल के पार्किंग लेबल नहीं हैं, उन्हें सुबह चार से 10 बजे के बीच इंडिया गेट के सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए-प्वाइंट तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएलएन मार्ग और रिंग रोड के कई हिस्सों से बचने की सलाह दी गई है।

नॉर्थ-साउथ आने-जाने के लिए ये रास्ते

दक्षिण से उत्तर दिल्ली जाने वाले लोग अरविंदो मार्ग-सफदरजंग रोड-कमाल अतातुर्क मार्ग-कौटिल्य मार्ग-मदर टेरेसा क्रिसेंट-पार्क स्ट्रीट-मंदिर मार्ग-पंचकुइयां रोड-रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। दूसरे विकल्प के तौर पर कनॉट प्लेस से मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक, नया बाजार और पीली कोठी होते हुए एसपी मुखर्जी मार्ग का रास्ता लिया जा सकता है। तीसरे विकल्प में निजामुद्दीन ब्रिज, पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु होते हुए ISBT पहुंचा जा सकता है।

ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के लिए वैकल्पिक मार्ग

पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली के बीच आने-जाने वालों के लिए एनएच-24/एनएच-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर और रिंग रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। डीएनडी से बारापुला रोड होते हुए भी आगे बढ़ा जा सकता है। विकास मार्ग से आने वाले वाहन आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग, मिंटो रोड और फिर कनॉट प्लेस या अजमेरी गेट की ओर जा सकेंगे।

डीएनडी-एनएच-24/एनएच-9-युधिष्ठिर सेतु-सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद ब्रिज खुला रहेगा। हालांकि पुराना लोहे का पुल और शांति वन की ओर जाने वाला गीता कॉलोनी पुल बंद रहेगा।

आधी रात से भारी वाहनों और अंतरराज्यीय बसों पर रोक

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों को अनुमति नहीं होगी। इसी अवधि में महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

इसी तरह डीटीसी समेत स्थानीय बसें 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक कश्मीरी गेट आईएसबीटी से एनएच-24/निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर नहीं चलेंगी। उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। लोधियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, एसपी मुखर्जी मार्ग और रिंग रोड के कई हिस्सों पर भी बसों की आवाजाही बंद रहेगी।

रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए अलग व्यवस्था

पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों को पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड, रानी झांसी रोड, आजाद मार्केट, बुलेवार्ड रोड और मोरी गेट होते हुए जाने की सलाह दी गई है। उत्तर और पूर्वी दिल्ली से भी मोरी गेट, पुल डफरिन और एसपी मुखर्जी मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए पूर्वी दिल्ली से विकास मार्ग, डीडीयू मार्ग और भवभूति मार्ग, जबकि पश्चिमी दिल्ली से पूसा रोड, हनुमान मंदिर, पंचकुइयां रोड, कनॉट प्लेस और चेल्म्सफोर्ड रोड का विकल्प रहेगा।आईएसबीटी कश्मीरी गेट जाने वालों के लिए दक्षिण और नई दिल्ली से मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का रास्ता रहेगा। उत्तर दिल्ली से ISBT जाने पर कोई विशेष प्रतिबंध नहीं रहेगा।

बसों के रूट भी बदले

दक्षिण दिल्ली से लाल किला, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और फाउंटेन की ओर जाने वाली बसों को रिंग रोड, एनएच-24, पुश्ता रोड, नए आईएसबीटी ब्रिज और बुलेवार्ड रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पूर्वी दिल्ली से आने वाली बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

रोशनारा रोड से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन आने वाली बसें तीस हजारी कोर्ट के पास रुकेंगी। पुरानी रोहतक रोड से आने वाली बसें मोरी गेट पर और नई रोहतक रोड से आने वाली बसें गोखले मार्ग पर निर्धारित स्थानों पर रोकी जाएंगी। अजमेरी गेट और मिंटो ब्रिज की ओर से आने वाली बसों को तुर्कमान गेट के सामने असफ अली रोड तक भेजा जाएगा। अंतरराज्यीय बसों के लिए भी अलग डायवर्जन लागू रहेगा। गाजियाबाद से आने वाली बसें भोपुरा चुंगी और वजीराबाद रोड होते हुए आईएसबीटी कश्मीरी गेट पहुंचेंगी। फरीदाबाद से आने वाली बसों को सराय काले खां पर रोकने या रिंग रोड के वैकल्पिक मार्ग से ISBT भेजने की व्यवस्था की गई है।

पांच जगह तैनात रहेंगी डीटीसी रिकवरी वैन

ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य होने तक डीटीसी की रिकवरी वैन गोखले मार्ग, घाटा मस्जिद, यमुना बाजार, दिल्ली गेट और चट्टा रेल चौक पर तैनात रहेंगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए घर से पर्याप्त समय लेकर निकलें।

समारोह में क्या नहीं ले जा सकेंगे

सुरक्षा कारणों से आम लोगों को लाल किले के आसपास कैमरा, दूरबीन, रिमोट कंट्रोल कार की चाबी, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन, पानी की बोतल और लंच बॉक्स जैसी वस्तुएं नहीं लाने की सलाह दी गई है। पुलिस ने लोगों से किसी संदिग्ध वस्तु को नहीं छूने और संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने की अपील की है। इसके अलावा दिल्ली में 2 से 16 अगस्त तक ड्रोन, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंग ग्लाइडर, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट, यूएवी, क्वाडकॉप्टर, हॉट एयर बैलून और अन्य ऐसे हवाई प्लेटफॉर्म के संचालन पर प्रतिबंध लागू है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी