home page

स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल पर लगाया आरोप, कहा दिल्ली से पंजाब तक भ्रष्टाचार की दुकानें

 | 
स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल पर लगाया आरोप, कहा दिल्ली से पंजाब तक भ्रष्टाचार की दुकानें


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली से पंजाब तक भ्रष्टाचार की दुकानें चला रहें है।

स्वाति मालीवाल ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि दिल्ली में केजरीवाल के करीब 10 साल के शासन के दौरान स्कूलों के क्लासरूम, शराब नीति और दिल्ली जल बोर्ड समेत कई क्षेत्रों में भ्रष्टाचार का खेल चला। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) मामले को लेकर आआपा पर आरोप लगाया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य यमुना को साफ करना था, लेकिन भ्रष्टाचार के कारण इसका लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि सरकार ने यमुना की सफाई के बजाय पैसों पर ध्यान दिया।

पंजाब को लेकर भी मालीवाल ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में भ्रष्टाचार के मामलों के बाद पंजाब में भी कथित वसूली का नेटवर्क खड़ा किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को पंजाब में पार्टी के लिए कथित तौर पर ‘कलेक्शन एजेंट’ की भूमिका दी गई।

मालीवाल ने सत्येंद्र जैन को चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित सरकारी बंगला नंबर 926 दिए जाने का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि उनका इस्तेमाल पंजाब के बिल्डरों और रियल एस्टेट कंपनियों से पार्टी के लिए पैसे जुटाने में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भ्रष्टाचार की और परतें खुलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी