home page

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की शिष्टाचार भेंट

 | 
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की शिष्टाचार भेंट


नई दिल्ली, 28 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत सत्या शर्मा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही भी उपस्थित रहे।

सत्या शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को स्थायी समिति के आगामी कार्यकाल की प्राथमिकताओं एवं कार्ययोजना से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका आगामी कार्यकाल पांच प्रमुख संकल्पों स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन एवं सशक्त निगम पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि इन प्राथमिकताओं के माध्यम से नगर निगम की नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, ठोस कचरा प्रबंधन में सुधार, निगम के अस्पतालों एवं जनस्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, निगम विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही निगम को वित्तीय एवं प्रशासनिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

सत्या शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के सहयोग से दिल्ली नगर निगम जनहित के विकास कार्यों को और अधिक गति देगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के समन्वित प्रयासों से दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ, विकसित एवं नागरिक-अनुकूल बनाने के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्या शर्मा को स्थायी समिति के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी ढंग से कार्य करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी