home page

स्थायी समिति अध्यक्ष ने दिल्ली पंचायत संघ के प्रतिनिधियों से की मुलाकात

 | 
स्थायी समिति अध्यक्ष ने दिल्ली पंचायत संघ के प्रतिनिधियों से की मुलाकात


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को दिल्ली पंचायत संघ के प्रतिनिधियों से नगर निगम मुख्यालय अपने कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली देहात के गांवों में 200 वर्गमीटर तक की आवासीय संपत्तियों पर हाउस टैक्स माफ करने के निर्णय के लिए उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर पंचायत संघ के प्रतिनिधियों ने गांवों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि दिल्ली देहात के गांवों के समग्र विकास और वहां के निवासियों को राहत प्रदान करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि हाउस टैक्स माफी का यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को आर्थिक राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार की पहली प्राथमिकता है कि गांवों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएं। दिल्ली सरकार और नगर निगम दिल्ली के गांवों के लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि निगम प्रतिबद्ध हैं कि गांवों के निवासियों को भी शहरी क्षेत्रों की तरह बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलें| उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने गांवों के लोगों को केवल आश्वासन दिए, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बजट में कोई ठोस प्रावधान नहीं किया। भाजपा सरकार के आने के बाद न केवल इन समस्याओं को गंभीरता से लिया गया, बल्कि बजट में आवश्यक प्रावधान कर उन्हें दूर करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पंचायत संघ द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किए जाएंगे।

पंचायत संघ प्रमुख थान सिंह यादव और पंचायत संघ के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव एवं मांगें भी स्थायी समिति अध्यक्ष के समक्ष रखीं। उन्होंने विशेष रूप से व्यावसायिक संपत्तियों, भवन उपनियमों में आ रही कठिनाइयों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

इस अवसर पर पंचायत संघ के सह-प्रमुख सुनील शर्मा, शिवकुमार यादव (शकूरपुर), पालम 360 गांव खाप के अध्यक्ष रामकुमार सोलंकी, कंझावला 17 गांव की ओर से ओमवीर शौकीन (निलोठी), पेंशन फाइटर्स दिल्ली के अध्यक्ष विरेन्द्र शर्मा, पंच प्रमुख विनोद शौकिन (पीरागढ़ी), पंच प्रमुख अधिवक्ता यमन यादव व सुरेश अहलावत एवं ख्याला गांव के प्रधान राजकुमार यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी