श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल ने एनडीएमसी का किया दौरा, कई नागरिक केंद्रित सेवाओं का लिया जायजा
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। श्रीलंका के 19 सदस्यीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) में स्मार्ट सिटी मिशन, नागरिक सेवाओं, स्वच्छता पहलों और एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर जैसी परियोजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एनडीएमसी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और नागरिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
भारत दौरे पर आए बुधवार को यहां श्रीलंकाई प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व श्रीलंका संसद के सदस्य एवं इंफ्रास्ट्रक्चर और रणनीतिक मुद्दों की निगरानी समिति के सदस्य असिथा निरोशाना एगोडा विथाना ने किया। इस अवसर पर एनडीएमसी अध्यक्ष केशव चंद्रा ने सतत शहरी विकास और आधुनिक नागरिक प्रशासन पर प्रस्तुति दी। सचिव राहुल सिंह ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत किए गए प्रयासों पर लघु फिल्म दिखाई, जबकि जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव ने स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की पहलों की जानकारी दी।
इसके अलावा इस प्रतिनिधिमंडल ने एनडीएमसी के एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का भी दौरा किया, जहां ई-गवर्नेंस और एम-गवर्नेंस प्रणालियों के जरिए सार्वजनिक सेवा वितरण में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया गया।
एनडीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें सचिव, वित्तीय सलाहकार, मुख्य अभियंता, मुख्य वास्तुकार, स्वास्थ्य अधिकारी और विभिन्न विभागों के निदेशक शामिल थे ने क्षेत्र-विशेष की पहलों और नवाचारों पर अपने विचार साझा किए।
श्रीलंकाई प्रतिनिधिमंडल ने एनडीएमसी के उत्कृष्ट शहरी प्रबंधन मॉडल की सराहना की और श्रीलंका की शहरी विकास रणनीतियों में ऐसी पहलों को अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

